नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। सेक्टर-130 में लंबे समय से चली आ रही सफाई व्यवस्था और आवारा गोवंश की समस्या को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने त्वरित कार्रवाई की है। आरडब्लूए उपाध्यक्ष अशोक चौहान के आग्रह पर प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश ने सेक्टर-130 का निरीक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आरडब्लूए उपाध्यक्ष द्वारा सेक्टर की सड़कों पर फैले कूड़े, पेड़ों के गिरे पत्तों और खुले में घूम रहे आवारा गोवंश की स्थिति को विस्तार से अधिकारियों के सामने रखा गया। सड़क किनारे जमा कचरे और गोवंश की आवाजाही से स्थानीय निवासियों को हो रही असुविधा पर भी ध्यान दिलाया गया।
मौके पर स्थिति को देखते हुए ओएसडी इंदु प्रकाश ने जन स्वास्थ्य विभाग के जेई वाई के हरीश को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आदेश के बाद मौके पर ही वाहन बुलवाकर सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंशों को पकड़कर गौशाला भेजा गया। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के निवासियों ने राहत की सांस ली।
निरीक्षण के दौरान ओएसडी ने सफाई कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सेक्टर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़कों की नियमित सफाई, कूड़े का समय पर निस्तारण और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्राधिकरण अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जल्द ही सेक्टर-130 का पुनः निरीक्षण किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दिए गए निर्देशों का सही ढंग से पालन हुआ है या नहीं। यदि सुधार में कोताही पाई गई, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर आशीष भाटिया, विक्रम भाटी, ऋषि शर्मा, आशीष तिवारी, लोकेश चौहान सहित अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने प्राधिकरण की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी सेक्टर की समस्याओं का समाधान इसी तरह गंभीरता से किया जाएगा।