नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

गाजियाबाद। मुख्यालय राष्ट्रीय सैनिक संस्था, 133 बी मॉडल टाउन ईस्ट में 22 मार्च 2026 को संस्था की गाजियाबाद इकाई के पूर्व सैनिकों (गौरव सेनानी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन ने स्पष्ट किया कि गैस और तेल की कालाबाजारी तथा जमाखोरी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ सख्त निगरानी अभियान चलाया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी (वीर चक्र) ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शहीद सैनिकों के परिवारों का सम्मान और युवाओं को प्रारंभिक सैन्य प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि समाज में फैल रही कुरीतियों को समाप्त करना भी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण तेल और गैस का संकट गहराया है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग जमाखोरी और कालाबाजारी में लगे हैं।
जिला सचिव चंदन सिंह और गणेश दत्त ने कहा कि संस्था के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहेंगे और कहीं भी कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक अब सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
बैठक में लेफ्टिनेंट वी पी शर्मा, धीरेन्द्र त्रिपाठी, जिले सिंह समेत अन्य सदस्यों ने जनता से अपील की कि गैस के दामों में मामूली उतार-चढ़ाव को लेकर घबराने या सड़कों पर उतरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह समस्या वैश्विक स्तर की है और सभी को धैर्य बनाए रखना चाहिए।
पूर्व सैनिकों ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के उस आह्वान को याद किया, जब देश में अनाज संकट के दौरान लोगों से एक समय भोजन न करने की अपील की गई थी और पूरे देश ने उसका पालन कर स्थिति को संभाल लिया था। इसी तरह आज भी नागरिकों से संयम और सहयोग की अपेक्षा की गई है।
बैठक में उपस्थित सभी गौरव सेनानियों ने एक स्वर में कहा कि सेना में रहते हुए उन्होंने देश की सीमाओं पर दुश्मनों से मुकाबला किया और अब नागरिक जीवन में समाज की समस्याओं से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। संस्था ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे कृत्रिम संकट पैदा न करें और प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।