
नोएडा संवाददाता — प्रमोद दीक्षित
नोएडा। राजधानी क्षेत्र में एयर क्वॉलिटी गिरने के बाद लागू Graded Response Action Plan (GRAP) के तहत नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को पूरे शहर में बड़े पैमाने पर एंटी-पॉल्यूशन अभियान चलाया। वायु गुणवत्ता को नियंत्रित करने के लिए प्राधिकरण की 14 टीमों ने शहर के सेक्टरों और ग्राम क्षेत्रों में कुल 95 स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थलों, मुख्य मार्गों और खुले इलाकों पर नियमों के पालन की सघन जांच की गई तथा लोगों को GRAP गाइडलाइंस एवं एनजीटी नियमों के अनुपालन के लिए जागरूक किया गया।
वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्राधिकरण ने आज 59 टैंकरों के माध्यम से 234.10 किलोमीटर लंबाई तक मुख्य सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया, जिससे उड़ती धूल को नियंत्रित किया जा सके। इसके साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग की 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों ने लगभग 340 किलोमीटर मार्गों पर सफाई का अभियान चलाया। उद्यान विभाग द्वारा 23 टैंकरों से सेंट्रल वर्ज और हरित पट्टी की धुलाई कर धूल के स्तर को कम करने का प्रयास किया गया।
निर्माण स्थलों पर प्रदूषण कम करने के लिए शहर में 80 एंटी-स्मॉग गन तथा 10 ट्रक-माउंटेड एंटी-स्मॉग गन सक्रिय रूप से संचालित की गईं। इसके अतिरिक्त कूड़ा-कचरा प्रबंधन के तहत विभिन्न स्थानों से 7015 मीट्रिक टन वेस्ट का उठान और प्रोसेसिंग कराई गई।
निरीक्षण के दौरान जिन निर्माण परियोजनाओं या स्थलों पर सामग्री का ढंग से भंडारण नहीं पाया गया, वहां पानी का छिड़काव कराया गया और आवश्यकतानुसार चेतावनी व दंडात्मक कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि वायु प्रदूषण रोकने के लिए GRAP के सभी दिशा-निर्देश बिना किसी ढिलाई के लागू किए जाएंगे।
नोएडा प्राधिकरण का यह व्यापक अभियान शहर में स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।