
नोएडा संवाददाता: प्रमोद दीक्षित
नोएडा।

सीतापुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व सांसद जगन बाबू की प्रतिमा को रातों-रात हटाए जाने के खिलाफ सपा नोएडा महानगर व्यापार सभा भड़क उठी है। सेक्टर-19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर सपाइयों ने ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन कर राज्य सरकार और प्रशासन पर सवालों की झड़ी लगा दी।
प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने कहा कि “सरकार ने आजादी के नायकों का अपमान किया है।” पार्टी नेताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि अगर प्रतिमा को तुरंत यथास्थान पुनर्स्थापित नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
सपा नोएडा महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि विसवा के बड़े चौराहे पर लगी जगन बाबू की प्रतिमा स्वतंत्रता संग्राम के गौरव का प्रतीक थी। उसका हटाया जाना सिर्फ़ एक मूर्ति का नहीं बल्कि एक विचार का अनादर है। उन्होंने कहा, “अगर प्रशासन ने इसे वापस नहीं लगाया तो नोएडा से लेकर सीतापुर तक सड़कें आंदोलन से गूंज उठेंगी।”
इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि सरकार ‘इतिहास मिटाने की साजिश’ कर रही है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विकास यादव, रामवीर यादव, महकार तंवर, अनुराग यादव, लोकेश यादव, सुमित अंबावत, कवित गुर्जर, शिवकुमार यादव, अजीत यादव, सतबीर यादव, शेखर, जाहिद सैफी, पवन शर्मा, बिजेंद्र यादव, रोहित, मोहन कुमार, उमेश सिंह, गुड्डू और पिंटू यादव मौजूद रहे।
धरना स्थल पर मौजूद संवाददाता प्रमोद दीक्षित के अनुसार, सपा नेताओं ने तीखे सवाल उठाए कि “अगर आज स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं भी सुरक्षित नहीं हैं, तो जनता का सम्मान कौन करेगा?”
सपाइयों ने ऐलान किया कि अब यह लड़ाई केवल एक प्रतिमा की नहीं, बल्कि जनसम्मान और विरासत की रक्षा की लड़ाई होगी।
