नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कड़ा विरोध जताया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नोएडा पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा की गई टिप्पणी न केवल राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि समाज में सांप्रदायिकता फैलाने का प्रयास भी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा के भीतर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी डीसीपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगी।
पार्टी नेताओं ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है और क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
समाजवादी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि वे इस मुद्दे पर पीछे हटने वाले नहीं हैं और कानून के दायरे में रहते हुए संघर्ष जारी रखेंगे। उनका कहना है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया, तो शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं, नोएडा पुलिस की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक शिकायत के आधार पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और अब सभी की नजर पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।