नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा, 14 फरवरी 2026। घटप्रभा बस्ती अर्जुन नगर, नोएडा महानगर के सेक्टर-100 स्थित बास्केटबॉल कोर्ट (नियर मदर डेरी) में शनिवार को विशाल हिंदू सम्मेलन का भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिक, समाजसेवी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक चेतना का विस्तार, राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करना तथा हिंदू जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ हवन, गणेश वंदना एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ दीप प्रज्वलन द्वारा किया गया। मंचासीन अतिथियों ने भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को अक्षुण्ण रखने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत सह संपर्क प्रमुख मेरठ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वेदपाल ने “संघ के 100 वर्ष की यात्रा” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने संगठन की स्थापना से लेकर वर्तमान समय तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रनिर्माण में निभाई गई भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य समाज को संगठित कर राष्ट्रहित में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
मुख्य अतिथि भागवताचार्य कृष्ण दत्त शास्त्री ने “हिंदुत्व की विशेषताएँ, वर्तमान चुनौतियाँ एवं समाधान” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि हिंदुत्व केवल विचारधारा नहीं, बल्कि मानवता, सेवा, समरसता और कर्तव्य पर आधारित जीवन पद्धति है। उन्होंने भगवान श्री राम के जीवन आदर्शों का उल्लेख करते हुए माता-पिता की सेवा को सर्वोच्च धर्म बताया और समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया।
विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित प्रदेश सोशल मीडिया सदस्य, भाजपा युवा मोर्चा के अर्पित मिश्रा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में “पंच परिवर्तन” विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों को अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सकारात्मक सामाजिक बदलाव से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय खेल प्राधिकरण के पूर्व मुख्य कोच एम पी सिंह ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकता और सकारात्मक सोच को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सम्मेलन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। सीमा नारंग के कुशल संचालन में आयोजित कार्यक्रम में रंजना के नृत्य निर्देशन में उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत “नृत्यमयी रामायण” दर्शकों के बीच विशेष सराहना का केंद्र रही। इसके अतिरिक्त क्षत्रपति शिवाजी महाराज पर आधारित प्रस्तुति वरुण खंडेलवाल द्वारा दी गई, जबकि सरिता सिंह ने भी अपनी प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया। महिला मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समापन अवसर पर आयोजन समिति की ओर से वंदना गुप्ता ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, कलाकारों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मेलन को सफल बनाने में सचिन, कार्यक्रम सचिव वंदना गुप्ता एवं अन्य समिति सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, व्यवस्था और सहभागिता उल्लेखनीय रही। क्षेत्रवासियों ने इसे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाला सार्थक प्रयास बताया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि समाज की एकजुटता और सकारात्मक सोच ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है।