नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। एकता कुंज रेजिडेंसी वेलफेयर सोसायटी, पॉकेट-12 के निवासियों ने क्षेत्र में पिछले करीब छह महीने से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। सोसायटी के पुराने गेट से दाईं ओर ब्लॉक-12 और ब्लॉक-13 के पीछे लगी टाटा एलईडी स्ट्रीट लाइट लगातार खराब चल रही है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि इस समस्या की कई बार संबंधित विभाग में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। विभाग के कर्मचारी मौके पर आकर लाइट को ठीक तो कर देते हैं, लेकिन यह केवल एक-दो दिन ही सही से काम करती है और फिर दोबारा खराब हो जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार अंधेरा रहने से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। रात के समय आवागमन में दिक्कत होती है और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का भी खतरा बना रहता है।
निवासियों ने संबंधित प्राधिकरण से मांग की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बार-बार की परेशानी से छुटकारा मिल सके।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक रूप से आवाज उठाने को मजबूर होंगे। फिलहाल सभी की नजर प्राधिकरण की कार्रवाई पर टिकी हुई है।