
संवाददाता – प्रमोद दीक्षित,
नोएडा आज रेडक्रॉस सोसाइटी गौतमबुद्धनगर और जिला संयुक्त चिकित्सालय की टीम ने मिलकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद (आरा, बिहार) श्रीमती मीना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने रेडक्रॉस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वास्थ्य अभियानों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
शिविर में जिला चिकित्सालय टीम और काईवी हेल्थ केयर के डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमआई, सामान्य स्वास्थ्य जांच और रक्तदान की सुविधाएं दी गईं। स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान में हिस्सा लिया।
रेडक्रॉस सचिव श्री संजय त्रिपाठी ने बताया कि आने वाले समय में भी इस तरह के शिविर जिले के विभिन्न इलाकों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस गौतमबुद्धनगर की ओर से श्री पी.एस. जैन, श्रीमती शालिनी सिंह, श्रीमती गरिमा त्रिपाठी, श्रीमती सुप्रिया तिवारी, श्री चक्रधर मिश्रा, श्रीमती पूजा गुप्ता, श्री अखिलेश कटियार और आदित्य शर्मा सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
सवाल ये उठता है — क्या स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता अब भी सिर्फ कार्यक्रमों तक सीमित रहेगी या जनता तक इनकी पहुंच वास्तव में बढ़ाई जाएगी? ऐसे शिविरों को निरंतर और व्यापक रूप से चलाने की जरूरत है, ताकि “स्वस्थ समाज” का सपना साकार हो सके।