नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। शहर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जब 4 अप्रैल 2026 को श्री हनुमान सेवा मित्र मंडल द्वारा 22वां भव्य श्री हनुमान जन्मोत्सव एवं संकीर्तन महोत्सव आयोजित किया जाएगा। सेक्टर-74 स्थित ‘ओमाया बैंक्वेट’ में होने वाला यह आयोजन शाम 4:15 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल मुख्य आकर्षण रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर मंडल और श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों के अनुसार इस बार आयोजन को और अधिक भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसमें शामिल होकर धार्मिक वातावरण का अनुभव कर सकें। मंडल के संस्थापक एवं प्रधान अमित गुप्ता तथा चेयरमैन विजय अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भजन संध्या में भक्ति का विशेष माहौल तैयार किया जाएगा, जहां श्रद्धालु भगवान श्री हनुमान के प्रति अपनी आस्था प्रकट कर सकेंगे। इस भव्य कार्यक्रम में कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान और फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा शामिल होंगे। इनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ेगी। भजन संध्या में कन्हैया मित्तल के साथ-साथ गौरव दत्त, दीपक सरगम और शंकर अनुरागी भी अपनी प्रस्तुति देंगे। सभी कलाकार अपने लोकप्रिय भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। आयोजकों का कहना है कि इस बार का कार्यक्रम पहले से कहीं अधिक भव्य और यादगार होने वाला है। मंडल के संस्थापक अमित गुप्ता ने जानकारी दी कि श्री हनुमान सेवा मित्र मंडल केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मंडल द्वारा समय-समय पर गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग, गौ सेवा, निःशुल्क दवा वितरण और जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे कार्य किए जाते हैं। इसके अलावा वृद्धाश्रमों में सेवा और सहयोग के माध्यम से बुजुर्गों की मदद भी की जाती है। उन्होंने बताया कि मंडल का उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समरसता और भाईचारे को मजबूत करना है। साथ ही भविष्य में गौशाला निर्माण और वृद्धाश्रम स्थापना जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। मीडिया प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी आगंतुकों के लिए भंडारे की निरंतर व्यवस्था रहेगी, ताकि कोई भी श्रद्धालु बिना प्रसाद ग्रहण किए न जाए। इसके अलावा स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम तैनात रहेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल सुरक्षित रखने के लिए विशेष टोकन व्यवस्था भी की गई है, जिससे व्यवस्था में कोई अव्यवस्था न हो। आयोजन समिति के कई सदस्य इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं, जिनमें गौरव अग्रवाल, विकास गुप्ता, आकाश जैन, विजय कुमार अग्रवाल, अमन गुप्ता, देवेंद्र बंसल, राजेश जिंदल, अमन गोयल, अरुण गुप्ता, चिराग बंसल, अभिषेक मित्तल, नीरज शर्मा, उमंग रस्तोगी, एस एन गोयल, प्रवीण भारद्वाज, मनीष गुप्ता, सौरभ सिंघल और प्रवीण वत्स सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। आयोजकों का कहना है कि यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का भी एक माध्यम है। ऐसे आयोजनों से जहां एक ओर लोगों को आध्यात्मिक शांति मिलती है, वहीं दूसरी ओर समाज में एकता और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।