नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। शहर में सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में नोएडा मीडिया क्लब ने पहल करते हुए आगामी 22 मार्च को होली-ईद मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी क्रम में मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा विधायक पंकज सिंह से मुलाकात कर उन्हें समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी देते हुए उनके आगमन का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान विधायक पंकज सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि होली और ईद जैसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विविधता और आपसी प्रेम के प्रतीक हैं, और इस तरह के मिलन समारोह समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।
मीडिया क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन के जरिए समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों की सहभागिता से इसका प्रभाव और व्यापक होगा।
इस अवसर पर जयप्रकाश सिंह, जगदीश शर्मा, अरुण सिन्हा, हरवीर चौहान, राहुल चौहान, योगेश राणा, दीप चौधरी सहित मीडिया क्लब के कई सदस्य मौजूद रहे।