
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। भारतीय किसान यूनियन मंच की मासिक बैठक सेक्टर-128 स्थित गांव शाहपुर गोवर्धनपुर में संगठन के प्रधान कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में नोएडा प्राधिकरण की कार्यशैली और किसानों की लगातार अनदेखी को लेकर गहरा रोष देखने को मिला। संगठन ने साफ संकेत दिए कि किसानों के उत्पीड़न के विरोध में नोएडा प्राधिकरण पर जल्द ही अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले में किसानों को जागरूक किया जाए ताकि आंदोलन के समय बड़ी संख्या में किसान नोएडा पहुंच सकें।
राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील भाटी ने कहा कि किसानों का भविष्य संगठन के पदाधिकारियों के हाथ में है। जहां भी किसानों के साथ अन्याय होगा, वहां बिना डरे उनकी आवाज को बुलंद किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन किसी भी स्थिति में किसानों का उत्पीड़न नहीं होने देगा।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण किसानों का उत्पीड़न बंद करे। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन के निर्णायक मंडल का गठन किया गया, जिसमें सुरज प्रधान, चरण सिंह प्रधान, सुनील भाटी, गजेंद्र बैसौया, वीर सिंह टाईगर, डीपी चौहान, सुरेंद्र प्रधान, रोहतास चौहान, योगेश भाटी, विजय चौहान, प्रमोद त्यागी और बीर सिंह मास्टर को शामिल किया गया। डीपी चौहान को संरक्षक मंडल में भेजा गया, उमंग शर्मा को नोएडा महानगर अध्यक्ष और अमित बैसोया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि 13 दिसंबर 2025 को हुई नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में किसानों की समस्याओं से जुड़ा एक भी प्रस्ताव पारित नहीं किया गया, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है। संगठन ने गांव-गांव जन जागरण अभियान चलाने और आंदोलन की तैयारी तेज करने का निर्णय लिया।
बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।