
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
समय संदेश टाइम्स
नोएडा। नोएडा मीडिया जगत में बुधवार को शोक की लहर दौड़ गई। नोएडा मीडिया क्लब के सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार जगदीश शर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती पुष्पा शर्मा (55) का बुधवार शाम निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं और नोएडा स्थित फेलिक्स अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।
परिजनों ने बताया कि श्रीमती शर्मा अपने पीछे चार पुत्रियाँ, एक पुत्र और परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ गई हैं। हरौला सेक्टर-5 स्थित उनके आवास के साथ साथ पैतृक गांव में निधन की खबर फैलने पर परिचितों, शुभचिंतकों और पत्रकार समुदाय में गहरा शोक व्याप्त हो गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उन्हें लिवर संबंधी गंभीर बीमारी थी और लंबे समय से उपचार जारी था। चिकित्सकों ने बताया कि उनकी शरीर-स्थिति लिवर ट्रांसप्लांट के लिए अनुकूल नहीं थी, जिसके कारण उपचार सीमित हो गया था। लगातार प्रयासों के बावजूद बुधवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को दोपहर 12 बजे डीएनडी टोल प्लाजा (ओखला पक्षी विहार) के पास स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा।
समाज, मीडिया जगत और परिचितों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।