
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। शहर की बिगड़ती व्यवस्थाओं और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर नौएडा सिटीजन फोरम ने सोमवार को नोएडा मीडिया क्लब में प्रेसवार्ता कर प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए। फोरम ने शहरी समस्याओं से जुड़े 15 प्रमुख मुद्दों को सामने रखते हुए लोकपाल नियुक्ति सहित कई ठोस सुधारात्मक कदमों की मांग की।
प्रेसवार्ता की अगुवाई करते हुए फोरम के चेयरमैन एवं रिटायर्ड आईएएस डॉ. योगेन्द्र नारायण ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण में लोकपाल की नियुक्ति बेहद जरूरी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा एसआईटी और नागरिक सलाहकार बोर्ड के गठन के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जो पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।
रजिस्ट्री संकट पर फोरम ने चिंता जताते हुए कहा कि हजारों परिवार पूरी भुगतान राशि जमा करने के बाद भी रजिस्ट्री से वंचित हैं। बिल्डरों द्वारा मनमाना ट्रांसफर चार्ज वसूलने, अन-रजिस्टर्ड फ्लैटों की अवैध बिक्री और प्राधिकरण के नोटिसों की अनदेखी को गंभीर लापरवाही बताया गया। फोरम ने मांग की कि पूर्ण भुगतान वाले सभी फ्लैटों की रजिस्ट्री तत्काल खोली जाए।
फोरम के महासचिव प्रशांत त्यागी ने गैर-निर्धारित क्षेत्रों में डंपिंग साइटों पर लगने वाली आग, शहर में अवैध निर्माण और हाई-राइज इमारतों में फायर सेफ्टी संसाधनों की भारी कमी को नागरिकों के जीवन के लिए सीधा खतरा बताया। उन्होंने सफाई व्यवस्था की बदहाली, कचरा प्रबंधन की विफलता, बार-बार बिजली कटौती, टूटे बिजली के केबल, जल संकट, पुरानी सीवर लाइनें, बढ़ती भिक्षावृत्ति और ई-रिक्शा की अव्यवस्था को भी गंभीर शहरी समस्याएं बताया।
प्रेसवार्ता में फोरम की संरक्षक शालिनी सिंह ने मजबूत शिकायत निवारण पोर्टल, अद्यतन सिटीजन चार्टर और प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में सिविल सोसाइटी की भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नौएडा सिटीजन फोरम नागरिकों के अधिकार, पारदर्शी प्रशासन और बेहतर शहरी प्रबंधन के लिए अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगा और सरकार से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा करता है।
इस अवसर पर फोरम के अध्यक्ष डॉ. एम. के. अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष इंद्राणी मुखर्जी, सचिव गरिमा त्रिपाठी, राहुल मुंद्रा, अंकित अरोरा, कमल सिंह, राजश्री गुप्ता और रेनू बाला शर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।