
नोएडा। सनातन संस्कृति और समाजसेवा को सशक्त करने के उद्देश्य से युवा क्रांति सेना द्वारा किए जा रहे कार्यों को लेकर नोएडा में एक विशेष भेंट का आयोजन हुआ। सेक्टर-63 स्थित समाजसेवी एवं उद्यमी डॉ. पीयूष द्विवेदी के कार्यालय में राम मंदिर ट्रस्ट एवं कृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट के प्रमुख तथा परम पूजनीय महंत नृत्य गोपाल दास जी के उत्तराधिकारी स्वामी महेंद्र दास जी का आगमन हुआ, जहाँ उन्होंने युवा क्रांति सेना की टीम से आत्मीय संवाद किया।
बैठक में सनातन धर्म, संस्कृति और समाज में सेवा के भाव को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
स्वामी महेंद्र दास जी ने युवा क्रांति सेना के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि—
“आज के दौर में जब युवा वर्ग भ्रम और दिशाहीनता के दौर से गुजर रहा है, ऐसे में यह संगठन धर्म, सेवा और राष्ट्रहित के लिए जो निष्ठा से कार्य कर रहा है, वह वास्तव में समाज के पुनर्निर्माण की मिसाल है।”
इस अवसर पर नेक्सजेन एनर्जिया के अध्यक्ष डॉ. पीयूष द्विवेदी ने कहा कि स्वामी महेंद्र दास जी का सान्निध्य आत्मबल और प्रेरणा का स्रोत है। उनके मार्गदर्शन से धर्म और समाजसेवा के कार्यों में नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा मिलती है।
युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा कि संगठन संतों के आशीर्वाद से समाज में भक्ति, सेवा और संस्कार की भावना को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्यरत है। आने वाले समय में सेना द्वारा सनातन धर्म, पर्यावरण संरक्षण, नारी सम्मान और शिक्षा जागरूकता जैसे विषयों पर जनहित अभियानों को और अधिक गति दी जाएगी।
यह मुलाकात न केवल आध्यात्मिक संवाद का माध्यम बनी, बल्कि समाजसेवा के नए संकल्पों की प्रेरणा भी लेकर आई।
🗞️ समय संदेश टाइम्स — धर्म, संस्कृति और समाज की सच्ची आवाज़