
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण द्वारा धारा-10 के तहत जारी नोटिसों को लेकर उठी आवाज अब प्रदेश सरकार तक पहुँच गई है। मंगलवार को नोएडा विधायक पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इस मुद्दे को विस्तार से रखा।विधायक ने बताया कि प्राधिकरण ने आवंटियों को 15 दिन में कवर, बालकनी, छत आदि पर बने अतिक्रमण हटाने के नोटिस दिए हैं। इससे शहरवासियों में भारी नाराजगी है और यह मामला विरोध का कारण बन रहा है। पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्राधिकरण अधिकारियों को निर्देशित किया जाए ताकि धारा-10 के नोटिस का निस्तारण कराया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।बैठक के दौरान विधायक ने नोएडा की अन्य जनसमस्याओं और किसानों के मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को उनका हक समय पर मिलना चाहिए और इसके लिए ठोस निर्णय जल्द से जल्द लिया जाना आवश्यक है।इसके अलावा, विधायक ने मुख्यमंत्री से शिक्षा से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने सेक्टर-39 स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विज्ञान और कला संकाय के अनुपलब्ध विषयों के साथ-साथ स्नातक स्तर पर एलएलबी की पढ़ाई शुरू करने का अनुरोध किया। वहीं, सौहरखा-जहिदाबाद क्षेत्र में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय स्थापित करने की भी मांग रखी।विधायक पंकज सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।