नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी द्वारा आयोजित महर्षि प्रीमियर लीग (एमपीएल) – सीजन 5 का भव्य समापन एक रोमांचक और यादगार फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। दिल्ली–एनसीआर के इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम दिन दर्शकों ने शानदार खेल और जबरदस्त प्रतिस्पर्धा का आनंद लिया।
फाइनल मुकाबले में बैनेट यूनिवर्सिटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 156 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य निर्धारित किया। जवाब में महर्षि यूनिवर्सिटी की टीम ने संयम और आक्रामकता का संतुलित प्रदर्शन करते हुए 7 गेंद शेष रहते 3 विकेट से जीत दर्ज की। अंतिम ओवर तक मुकाबला बेहद रोमांचक बना रहा और दर्शकों की धड़कनें तेज हो गईं।
महर्षि यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी मोहित ने 54 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और एक अहम विकेट भी लिया। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनिंदर सिंह रहे। उन्होंने दोनों टीमों के खेल की सराहना की और कहा कि यह लीग खिलाड़ियों के लिए वर्ल्ड कप जैसी होती है। उन्होंने युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और बड़े मंच तक पहुंचने के अवसर के रूप में इस तरह के टूर्नामेंट की महत्ता पर जोर दिया।
महर्षि यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि महर्षि प्रीमियर लीग हर साल अपना स्तर ऊँचा कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले सीजन में टूर्नामेंट और भी बड़ा होगा तथा दिल्ली–एनसीआर की 16 टीमों की जगह 24 टीमें भाग लेंगी।
एमपीएल–सीजन 5 ने न केवल खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, बल्कि युवाओं में टीमवर्क, नेतृत्व और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा दिया। सफल आयोजन के साथ ही सभी की निगाहें अगले सीजन पर टिक गई हैं, जिसमें और भी भव्य और व्यापक प्रतियोगिता की उम्मीद है।