
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। पंजाबी एकता समिति द्वारा 11 जनवरी को सेक्टर-51 स्थित सैफरन बैंक्विट में लोहड़ी पर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर समिति में उत्साह का माहौल है। संस्था के संरक्षक संजय बाली ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026 की लोहड़ी के आयोजन के लिए वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनीत मेहता को सर्वसम्मति से चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
पंजाबी एकता समिति पिछले कई वर्षों से सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। समिति द्वारा बुजुर्गों की स्मृति में प्रत्येक माह नोएडा में भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसके साथ ही सेक्टर-12 स्थित गुरुद्वारा साहिब में बैसाखी पर्व पर पाठ और लंगर, सेक्टर-10 में एकादशी पर्व पर मीठे पानी की सेवा, वीर बाल दिवस पर कीर्तन एवं लंगर, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए मासिक सहायता, गौशाला में चारा सहयोग और रामलीला आयोजन में सहयोग जैसे कई सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं।
नववर्ष, लोहड़ी और मकर संक्रांति के अवसर पर समिति द्वारा एक विशेष डायरी का भी विमोचन किया जा रहा है। साथ ही वर्ष 2026 के लिए नई कोर कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें 12 उपाध्यक्ष, 9 सचिव और 7 सह-सचिव शामिल किए गए हैं। समिति ने विश्वास जताया है कि नई टीम समाज सेवा के कार्यों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगी।