समय संदेश टाइम्स प्रमोद दीक्षित उप संपादक

नोएडा, 20 सितम्बर।इस्कॉन नोएडा में शनिवार की शाम एक अनूठा और ऐतिहासिक अन्तर्धर्मीय सम्मेलन (Inter-Faith Conference) आयोजित किया गया। यह आयोजन इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्रील प्रभुपाद के अमेरिका आगमन के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे विश्व हरिनाम सप्ताह के तहत किया गया।सम्मेलन में विभिन्न धर्मों के संत-महात्मा और धार्मिक नेताओं ने भाग लिया और “ईश्वर के पवित्र नाम की शक्ति” विषय पर अपने विचार रखे। सभी ने एकमत होकर कहा कि चाहे हम परमात्मा को भगवान, ईश्वर, अल्लाह, खुदा, रब, Lord या God किसी भी नाम से पुकारें, किंतु भगवन्नाम ही वह शक्ति है, जिसके आश्रय से विश्व में स्थायी शांति और सद्भाव स्थापित हो सकता है।इस अवसर पर इस्कॉन नोएडा द्वारा चल रहे हरिनाम संकीर्तन, पदयात्रा, अखण्ड जप और कीर्तन मेला जैसे कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया गया, जिन्हें देखकर उपस्थित धर्मगुरुओं ने हृदय से सराहना की। सभी ने माना कि सनातन वैदिक परंपरा से प्रेरित यह पहल न केवल समाज में भाईचारा बढ़ा रही है, बल्कि “हरे कृष्ण महा-मंत्र” के सामूहिक संकीर्तन के माध्यम से मानवता को शुद्ध और दिव्य जीवन की ओर ले जा रही है।सम्मेलन का समापन एक सामूहिक संकल्प के साथ हुआ—कि हम सब मिलकर भगवान के पवित्र नाम का प्रचार-प्रसार करेंगे और इस जगत को शांति और प्रेम से आलोकित करेंगे।–