
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा के सेक्टर 128 स्थित ग्राम शाहपुर में Firstone Rehab Foundation द्वारा एक निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुँच बढ़ाना और लोगों को समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन सुरज प्रधान के सहयोग और मार्गदर्शन में किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में चार विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। इनमें ऑक्यूपेशनल थेरेपी और फिजियोथेरेपी के अनुभवी चिकित्सक शामिल रहे, जिन्होंने ऑर्थोपेडिक और न्यूरोलॉजिकल समस्याओं से जूझ रहे मरीजों की जाँच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। शिविर में घुटनों का दर्द, कमर दर्द, गर्दन दर्द, सायटिका जैसी आम समस्याओं के साथ-साथ पक्षाघात, सेरेब्रल पाल्सी और विकास में देरी से प्रभावित बच्चों का भी मूल्यांकन किया गया।
चिकित्सकों ने मरीजों और अभिभावकों को होम प्रोटोकॉल एवं पेरेंट ट्रेनिंग की जानकारी दी, ताकि उपचार की निरंतरता घर पर भी बनी रहे। Foundation की टीम के सदस्यों ने शिविर के संचालन और मरीजों की सहायता में सक्रिय भूमिका निभाई।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ शिविर में एक सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने बताया कि दिव्यांगता या शारीरिक समस्याओं को कभी भी अनदेखा नहीं करना चाहिए, क्योंकि समय पर इलाज न मिलने पर ये समस्याएँ आगे चलकर गंभीर असमर्थता का कारण बन सकती हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि दिव्यांगजनों के प्रति सहानुभूति नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का भाव अपनाया जाए।
इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में लगभग 100 मरीजों ने लाभ उठाया। स्थानीय नागरिकों ने Firstone Rehab Foundation और आयोजकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई।