
उपभोक्ता जागरूकता और गुणवत्ता मानकों के प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते में रेडियो कार्यक्रम ‘मानक टॉकीज’ का शुभारंभ किया गया। यह पहल भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), नोएडा शाखा के सहयोग से शुरू की गई है। कार्यक्रम में बीआईएस नोएडा ब्रांच के उप निदेशक विष्णु दयाल जट, आईएमएस नोएडा के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) विकास धवन और सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड वर्षा छबारिया उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रो. (डॉ.) विकास धवन ने कहा कि मानक केवल गुणवत्ता का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि उपभोक्ता विश्वास, सुरक्षा और राष्ट्र की सतत प्रगति की नींव हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को गुणवत्ता संस्कृति से जोड़ने और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।
बीआईएस उप निदेशक विष्णु दयाल जट ने बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो का उद्देश्य उपभोक्ताओं में गुणवत्ता और सुरक्षा के प्रति विश्वास स्थापित करना है। ‘मानक टॉकीज’ जैसे कार्यक्रम आम जनता तक मानकों की जानकारी को सरल और रोचक ढंग से पहुँचाने का उत्कृष्ट माध्यम हैं।
सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड वर्षा छबारिया ने कहा कि विश्व मानक दिवस 2025 के अवसर पर यह पॉडकास्ट श्रृंखला उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और गुणवत्ता से जुड़ी जानकारियाँ मनोरंजक रूप में उपलब्ध कराएगी, ताकि हर उपभोक्ता जागरूक और सशक्त बन सके