
ग्रेटर नोएडा। लघु उद्योग भारती, जिला गौतम बुद्ध नगर की पहली कार्यकारिणी (EC) बैठक सूरजपुर में आयोजित की गई। बैठक में जिले के कई उद्योग प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस बैठक में जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर को शामिल होना था, लेकिन जरूरी कारणों से वे नहीं आ सके। उनकी जगह जिला उद्योग केंद्र (DIC) के महाप्रबंधक अनिल कुमार ने बैठक की अध्यक्षता की।
अनिल कुमार ने लघु उद्योग भारती के सक्रिय प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन ने बीते एक वर्ष में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर काम किया है। उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा में ईएसआई अस्पताल की मांग को सबसे पहले लघु उद्योग भारती ने उठाया था, और अब जल्द ही इसका निर्माण शुरू होने वाला है। इससे हजारों श्रमिकों को बड़ा लाभ मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 1200 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है, जिससे पुराने पोल और जंक्शन बॉक्स बदले जाएंगे। साथ ही डीजी सेट सब्सिडी योजना से उद्योगों को प्रदूषण मानकों के अनुरूप जनरेटर लगाने में मदद मिली है।
बैठक में सहायक आयुक्त श्री श्रीवत्स ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (MSME) की नई योजनाओं की जानकारी दी।
जिला महासचिव श्री संजय बत्रा ने बैठक में अतिक्रमण, जीएसटी नोटिस, जल-सीवेज समस्या, अग्निशमन विभाग से एनओसी में हो रही देरी जैसे मुद्दे रखे।
मेरठ संभाग अध्यक्ष श्री पवन ने विभिन्न चैप्टर के सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए, जबकि राज्य कार्यकारिणी सदस्य श्री के.पी. सिंह ने डीजी सब्सिडी योजना की समय सीमा बढ़ाने की मांग रखी।
अंत में श्री नरेश गुप्ता ने सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद किया और संगठन की एकजुटता की प्रशंसा करते हुए सभी को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
बैठक को सफल और सकारात्मक बताया गया तथा उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान के लिए लघु उद्योग भारती के प्रयासों की सराहना की गई।