
नोएडा संवाददाता – प्रमोद दीक्षित,
नोएडा, 25 अक्टूबर 2025।
प्रवासी महासंघ नोएडा द्वारा शुक्रवार को सेक्टर-49 स्थित बलोच रेस्टोरेंट में छठ पूजा महापर्व को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रवासी महासंघ के अध्यक्ष आलोक वत्स ने की।
इस अवसर पर पत्रकार बंधु, छायाकार, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
छठ महापर्व, जो कि इस वर्ष 27 एवं 28 अक्टूबर 2025 को मनाया जाएगा, महासंघ ने बताया कि नोएडा स्टेडियम में इस बार एक लाख से अधिक श्रद्धालु एकत्रित होंगे।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं पूर्व राज्यपाल श्री कलराज मिश्र, सांसद डॉ. महेश शर्मा (गौतमबुद्ध नगर), नोएडा विधायक श्री पंकज सिंह, और पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष श्रीमती विमला बाथम सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
प्रेस वार्ता में प्रवासी महासंघ के अध्यक्ष आलोक वत्स ने बताया कि इस बार छठ पर्व की तैयारियाँ और भी व्यापक एवं तकनीकी रूप से सुसज्जित होंगी।
नोएडा स्टेडियम में कुल 6 मुख्य द्वारा बनाए जाएंगे, जहाँ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वालंटियर्स की टीम तैनात रहेगी।
इसके साथ ही दो ड्रोन कैमरों की मदद से सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखी जाएगी।
महिलाओं के लिए 6 विशेष चेंजिंग रूम तैयार किए जा रहे हैं, तथा रात्रि में रुकने की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि छठ घाट पर सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा जिसमें भोजपुरी संगीत जगत के प्रसिद्ध गायक और कलाकार मंच पर प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी भोजपुरी जगत के चर्चित कलाकारों की उपस्थिति रहेगी, जिससे छठ महापर्व का उत्सव भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम बनेगा।
प्रेस वार्ता में उपस्थित पत्रकारों को आयोजन की विस्तृत रूपरेखा बताई गई।
प्रमोद दीक्षित, उप-संपादक समय संदेश टाइम्स, ने मौके पर जाकर छठ आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं और घाट की तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि छठ पर्व नोएडा की सांस्कृतिक और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन चुका है और इस बार आयोजन पहले से कहीं अधिक भव्य और सुव्यवस्थित होगा।
अंत में प्रवासी महासंघ की ओर से सभी नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे छठ महापर्व में सम्मिलित होकर इस सनातन उत्सव की आस्था और एकता का संदेश पूरे समाज तक पहुँचाएं।