
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा में भारत विकास परिषद के तत्वावधान में श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व भक्ति और आस्था से ओतप्रोत विशाल कलश यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक कलश यात्रा में करीब 750 माता-बहनों ने सिर पर कलश धारण कर मंत्रोच्चार के बीच नगर भ्रमण किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा से पूर्व विधिवत रूप से भागवत जी और कलशों का पूजन किया गया। मुख्य यजमानों ने भागवत जी को शीश पर धारण कर यात्रा का नेतृत्व किया। सुंदर झांकियों, बैंड-बाजों और नगाड़ों के साथ निकली यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां जगह-जगह पुष्पवर्षा, जलपान और श्रद्धालुओं के स्वागत की भव्य व्यवस्था की गई थी। नगरवासियों ने नाच-गाकर और जयघोषों के साथ यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक पंकज सिंह सहित शहर के अनेक गणमान्य अतिथियों ने कलश यात्रा का शुभारंभ किया। संस्था अध्यक्ष केशव गंगल के साथ पूजा-अर्चना की गई। आयोजन की जिम्मेदारी कलश यात्रा संयोजक संजय गोयल और अल्पेश गर्ग ने संभाली, जिनके नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने पूरी व्यवस्था को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
कलश यात्रा के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि आगामी दिनों में होने वाली श्रीमद्भागवत कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर परम पूज्य आचार्य श्री मृदु कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें।
कार्यक्रम में देवेंद्र गंगल, राम रतन शर्मा, सौरभ अग्रवाल, संजय बाली, प्रताप मेहता, राकेश कटयाल, पंकज जिंदल, विपिन मल्हन, प्रदीप अग्रवाल, अतुल वर्मा, संदीप अग्रवाल, अनुज गुप्ता, राघव अग्रवाल, रोहतास गोयल, भूपेंद्र मित्तल, राजीव अजवानी, मुकेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में संस्था पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
कलश यात्रा ने यह स्पष्ट कर दिया कि नोएडा में श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है।