नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में भारतीय किसान यूनियन मंच ने बुधवार को सेक्टर-19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने किया। सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में पदाधिकारी और किसान सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट आनंद मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।
विमल त्यागी ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से देश के किसानों के हित प्रभावित हो सकते हैं। उनका आरोप है कि यदि कृषि और डेयरी उत्पादों पर शून्य टैरिफ जैसी व्यवस्था लागू होती है तो इससे भारतीय किसानों की प्रतिस्पर्धा क्षमता पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और बड़ी आबादी की आजीविका खेती से जुड़ी है, ऐसे में किसी भी अंतरराष्ट्रीय समझौते से पहले किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने भी डील पर चिंता जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार को इस विषय पर पारदर्शिता बरतनी चाहिए और किसान संगठनों से संवाद करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समझौते में किसानों के हितों की अनदेखी हुई तो संगठन देशभर के किसान संगठनों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करने पर विचार करेगा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि केंद्र सरकार ट्रेड डील की शर्तों की पुनर्समीक्षा करे और किसानों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक संशोधन सुनिश्चित करे। संगठन ने कहा कि कृषि क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए किसी भी नीति का सीधा प्रभाव करोड़ों किसानों और ग्रामीण परिवारों पर पड़ता है।
इस अवसर पर विक्रम यादव, चरण सिंह प्रधान, सूरज प्रधान, अशोक चौहान, रिंकू यादव, आशीष चौहान, गजेंद्र बसोया, बीर सिंह चौहान, प्रिंस भाटी, लिटी यादव, अमित बैसौया, मांगेराम, सुधीर शर्मा, मुनेश प्रधान सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
