
नोएडा। गाँव नंगली वाजिदपुर में आज भारतीय किसान यूनियन मंच की पंचायत आयोजित की गई, जिसमें किसानों की समस्याओं और उनके हक की आवाज को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पंचायत की अध्यक्षता बाबा अनूप निर्वाण ने की और संचालन राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने किया।
पंचायत में किसानों ने एक सुर में कहा कि अब किसानों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने सभी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 29 अक्टूबर 2025 से नोएडा प्राधिकरण पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू होगा, जिसमें हर गाँव से किसानों की भारी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि “नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में अब किसानों की समस्याओं पर चर्चा तक नहीं होती — यह किसानों के साथ सीधा अन्याय है।”
विमल त्यागी ने उदाहरण देते हुए कहा कि 3 अक्टूबर को हुई बोर्ड बैठक में किसानों से जुड़ा एक भी मुद्दा पास नहीं किया गया, जिससे किसानों में भारी रोष है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक किसानों की जमीन, मुआवजा और पुनर्वास की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
भारतीय किसान यूनियन मंच के संरक्षक चरन सिंह प्रधान ने कहा कि “किसानों का भविष्य हमारे हाथों में है। जहां भी अन्याय और शोषण होगा, वहां आवाज बुलंद करनी होगी। 29 अक्टूबर को नोएडा प्राधिकरण पर पहुंचकर हम अपने हक के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे।”
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने कहा कि किसानों का हक छीनने की कोशिश अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि 81 गाँवों के किसान अपने अधिकारों के लिए एकजुट हो चुके हैं और नोएडा प्राधिकरण पर ऐतिहासिक आंदोलन की तैयारी चल रही है। गांव-गांव में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है ताकि हर किसान इस संघर्ष का हिस्सा बन सके।
अशोक चौहान ने तीखे शब्दों में कहा — “नोएडा प्राधिकरण किसानों की जमीन लेकर अरबों रुपये की कमाई करता है, लेकिन उन्हीं किसानों की समस्याओं को सुनने तक को तैयार नहीं। अब किसान चुप नहीं रहेगा — अगर हक नहीं मिला, तो आंदोलन की आग हर गांव तक पहुंचेगी।”
पंचायत में बाबा ब्रह्म सिंह चौहान, सुरेंद्र प्रधान, सूरज प्रधान, चरण सिंह प्रधान, प्रमोद त्यागी, गौतम लोहिया, पीतम चौहान, लोकेश चौहान, डी.पी. चौहान, पप्पू चौहान, सोनू बजरंगी, अमित बैसोया, उमंग शर्मा, गजेंद्र बैसोया, प्रकाश चौहान, भवर सिंह चौहान, प्रेम सिंह, प्रिंस भाटी, मूले चौहान, कंवर पाल चौहान, कालू चौहान, राजवीर चौहान, पुष्पेंद्र चौहान, सत्ते चौहान, दीपक चौहान, प्रिंस चौहान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।
पंचायत के अंत में किसानों ने संकल्प लिया कि 29 अक्टूबर को नोएडा प्राधिकरण पर विशाल प्रदर्शन कर अपनी आवाज सरकार और प्रशासन तक पहुँचाई जाएगी।
(रिपोर्ट — प्रमोद दीक्षित, नोएडा संवाददाता)