
नोएडा संवाददाता : प्रमोद दीक्षित
नोएडा।
सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा में उद्यमिता पखवाड़ा के अंतर्गत एंटरप्रेन्योरशिप वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देना और उन्हें नवाचार व आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर बतौर वक्ता एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (ईडीआईआई), अहमदाबाद के एसोसिएट प्रोफेसर गोपाल कुमार रॉय और डॉ. राजीव शर्मा ने भाग लिया। दोनों वक्ताओं ने छात्रों के साथ अपने प्रेरणादायक विचार साझा करते हुए कहा कि उद्यमिता केवल व्यवसाय शुरू करने का माध्यम नहीं, बल्कि यह एक सोच और दृष्टिकोण है जो व्यक्ति को चुनौतियों को अवसरों में बदलने की क्षमता प्रदान करता है।
प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों में नवाचारपूर्ण सोच विकसित करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में उद्यमशीलता की भावना को प्रज्वलित करते हैं, जिससे वे भविष्य में रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें।
वहीं डीन (एकेडेमिक्स) प्रोफेसर (डॉ.) नीलम सक्सेना ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग नवाचार और उद्यमिता का है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे ऐसे अवसरों का पूरा लाभ उठाएं, अपनी क्षमताओं को पहचानें और नए विचारों को वास्तविकता में बदलने का साहस दिखाएं।
वक्ताओं ने सफल उद्यमियों के उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि दृढ़ निश्चय और सही दिशा में प्रयास से हर छात्र अपने सपनों को साकार कर सकता है।
इस आयोजन ने छात्रों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया, जिससे वे भविष्य में अपने विचारों को साकार रूप देने के लिए प्रेरित हुए।