
नोएडा से संवाददाता – प्रमोद दीक्षित
नोएडा। लोक आस्था और सूर्योपासना का पवित्र पर्व छठ महापर्व अब बस आने ही वाला है। इसी को लेकर नोएडा के सेक्टर-75 में तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। श्री सूर्यदेव पूजा समिति, नोएडा द्वारा आयोजित श्री छठ पूजा महोत्सव के तहत गोल्फसिटी, प्लॉट नंबर 8 के सेंट्रल पार्क में विशाल छठ घाट का निर्माण अंतिम चरण में है।
समिति के अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए 60 फीट लंबा, 25 फीट चौड़ा और 4 फीट गहरा घाट तैयार किया जा रहा है। घाट में शुद्ध जल की विशेष व्यवस्था होगी, जिसमें गंगाजल भी मिलाया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को पवित्रता का अनुभव मिल सके।
घाट और आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डॉ. शर्मा ने कहा कि यह पर्व समाज को एकता, पवित्रता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।
उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को नहाय-खाय, 26 को खरना, 27 को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और 28 अक्टूबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय पर्व का समापन होगा।
महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए समिति की बैठक भी छठ घाट पर आयोजित की गई, जिसमें बसंत उपाध्याय, मधुरेंद्र सिंह, नितिन गहलोत, महासचिव राजीव त्यागी, कोषाध्यक्ष प्रभात राय, सहसंयोजक आर.के. श्रीवास्तव, हरि प्रसाद, सुनील अग्रवाल, डॉ. शशांक शेखर, अतुल जैन, मनीष यादव, अनमोल सिंह, त्रिपतीनाथ तिवारी, संतोष कुमार, राज लवानिया और नरेश केडिया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा, अध्यक्ष, श्री सूर्यदेव पूजा समिति, नोएडा ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नियम और अनुशासन के साथ पर्व मनाएं तथा स्वच्छता और सुरक्षा में सहयोग करें।