
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। भारतीय किसान यूनियन मंच के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक कार्यालय सेक्टर-6 पहुंचकर नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करूणेश से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान किसान प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
भेंट के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करूणेश ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसानों और गांवों से संबंधित सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नोएडा प्राधिकरण और किसानों के बीच किसी भी प्रकार का गतिरोध उत्पन्न नहीं होने दिया जाएगा और आपसी संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने इस अवसर पर कहा कि किसान नोएडा शहर के विकास में लगातार योगदान दे रहे हैं और वे शहर के साथ-साथ अपने परिवार और आने वाली पीढ़ी का भी विकास चाहते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की मूलभूत समस्याओं के समाधान और गांवों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है, ताकि विकास की प्रक्रिया में किसान स्वयं को उपेक्षित महसूस न करें।
किसान प्रतिनिधियों ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, पुनर्वास, गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास और किसानों के हितों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। इस पर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि इन विषयों पर गंभीरता से विचार कर ठोस कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन मंच के संरक्षक प्रमोद त्यागी, चरन सिंह प्रधान, सुरेन्द्र प्रधान, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान, मुनेश प्रधान, सोनू लोहिया, बीर सिंह टाईगर, आशीष चौहान, मास्टर बीर सिंह, रिंकू यादव, लोकैश चौहान, उमेश चौहान, प्रिंस भाटी, अमन चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
किसान नेताओं ने उम्मीद जताई कि नोएडा प्राधिकरण के साथ यह संवाद आगे भी जारी रहेगा और किसानों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।