
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। महानगर कांग्रेस कमेटी नोएडा द्वारा केन्द्र सरकार की नीतियों के विरोध में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत मजदूरों के बीच जनजागरण अभियान चलाया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को सेक्टर 8, 9 और 10 की जे.जे. कॉलोनी में आयोजित बैठक में मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और मजदूरों को योजना के अधिकारों की जानकारी दी गई।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के मजदूर और रोजगार हितैषी प्रावधानों को कमजोर किया जा रहा है, जिससे गरीब और श्रमिक वर्ग प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों जरूरतमंद परिवारों के लिए रोजगार और सम्मानजनक जीवन का आधार है और इसे कमजोर करने के प्रयासों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
महानगर कांग्रेस कमेटी नोएडा अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं बल्कि सामाजिक सुरक्षा की रीढ़ है। इसे बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। मनरेगा बचाओ संग्राम गौतमबुद्धनगर के कोऑर्डिनेटर एडवोकेट दिनेश अवाना ने मजदूरों को उनके अधिकारों और मनरेगा के तहत मिलने वाले प्रावधानों की जानकारी दी।
बैठक को कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता फिरे सिंह नागर, उत्तर प्रदेश सोशल मीडिया प्रदेश कोऑर्डिनेटर एवं प्रवक्ता नोएडा कांग्रेस पवन शर्मा, अखिल भारतीय अल्पसंख्यक कांग्रेस राष्ट्रीय ज्वाइंट कोऑर्डिनेटर सहप्रभारी हरियाणा लियाकत चौधरी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य यतेंद्र शर्मा, महानगर कांग्रेस कमेटी नोएडा उपाध्यक्ष राजकुमार भारती, उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी ललित अवाना, महासचिव विक्रम चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
इस दौरान मजदूरों ने भी अपनी समस्याएं रखीं और मनरेगा के तहत काम, मजदूरी भुगतान तथा पारदर्शिता से जुड़े सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने भरोसा दिलाया कि मजदूरों की आवाज को हर स्तर पर उठाया जाएगा और उनके हक की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय मजदूर, कांग्रेस कार्यकर्ता और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य मजदूरों को जागरूक करना और मनरेगा को कमजोर करने के खिलाफ एकजुटता दिखाना रहा।