
नोएडा संवाददाता : प्रमोद दीक्षित
नोएडा। सत्यम कॉलेज ऑफ एजुकेशन में वार्षिक उत्सव ‘नव्या–2025’ का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें ‘संस्कृति का संगम’ थीम ने पूरे कार्यक्रम को एक रंगीन उत्सव में बदल दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों व महाविद्यालयों के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्ण भागीदारी की और मंच पर कला, अभिव्यक्ति व भारतीय सांस्कृतिक विविधता की शानदार झलक पेश की।
दिवसीय उत्सव में विद्यालय स्तर पर सोलो डांस, ग्रुप डांस, फैशन शो और डुएट डांस जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जबकि महाविद्यालय स्तर पर फ्यूजन सोलो डांस, डुएट डांस, इंडियन फोक ग्रुप डांस और नॉन-क्लासिकल सोलो सिंगिंग ने दर्शकों का मन मोह लिया। सभी प्रस्तुतियाँ ताल, लय और ऊर्जा का ऐसा समन्वय थीं, जिसने मंच को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।
कार्यक्रम में विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाणपत्र दिए गए।
विशेष अतिथियों में चेयरपर्सन डॉ. स्नेहा सिन्हा, सचिव डॉ. सीए प्रदीप गुप्ता, प्राचार्या डॉ. वनीता अग्रवाल, बीएड विभागाध्यक्ष सुश्री नेहा अग्रवाल, तथा इंडस्ट्री–आईक्यूएसी समन्वयक सुश्री प्रीति गोयल शामिल रहीं। प्रतिष्ठित स्कूलों व कॉलेजों के प्राचार्य, समन्वयक, एनजीओ प्रतिनिधि और ट्रस्ट के सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसने विद्यार्थियों में सांस्कृतिक एकता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और रचनात्मकता की भावना को और मजबूत किया।
