
नोएडा से संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ॰ मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि सूर्योपासना के महान पर्व छठ की तैयारियां नोएडा के कई सेक्टरों में जोरों पर हैं। सेक्टर-75 के गोल्फसिटी, प्लाट-8 में छठ घाट और घाट के निकट सूर्यपिंड पूर्ण रूप से निर्मित हो चुके हैं। घाट में स्वच्छ जल, प्रकाश और अन्य सुविधाओं की उत्तम व्यवस्था की गई है।
छठ पर्व के दूसरे दिन कार्तिक शुक्ल पंचमी को छठव्रतियों ने अपने-अपने घरों में खरना की पूजा अर्चना की। स्नान के बाद छठव्रतियों ने रोटी, चना दाल, चावल का पिट्ठा, चावल और गुड़ की खीर आदि का प्रसाद तैयार किया। इसके बाद सिंदूर, पान, कसेली, लौंग, कपूर और प्रसाद के साथ भगवान सूर्य और षष्ठी देवी की विधिपूर्वक पूजा की। तत्पश्चात, परिवार के सदस्य और पड़ोसी प्रसाद ग्रहण कर आनंदित हुए।
सेक्टर-75 के सेंट्रल पार्क में श्री सूर्यदेव पूजा समिति नोएडा द्वारा भव्य श्री छठ महोत्सव का आयोजन किया गया। समिति अध्यक्ष डॉ॰ मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि छठव्रतियों को अर्घ्य देने के लिए 60 फीट लंबा, 25 फीट चौड़ा और 4 फीट गहरा तालाब निर्मित किया गया है। महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में अध्यक्ष डॉ॰ शर्मा, महासचिव राजीव त्यागी, कोषाध्यक्ष प्रभात राय, उपाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, सहकोषाध्यक्ष हरि प्रसाद और अन्य सदस्य उपस्थित थे।
महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 28 अक्टूबर को कार्तिक शुक्ल सप्तमी के प्रातःकाल आयोजित होगा, जब छठव्रती उदीयमान भगवान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य देंगी। अर्घ्य और पूजा के उपरांत 36 घंटे का निर्जला व्रत समाप्त होगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का भव्य समापन किया जाएगा।