
नोएडा संवाददाता — प्रमोद दीक्षित, समय संदेश टाइम्स
आज 7 नवंबर 2025 को भारतीय जनता पार्टी नोएडा महानगर द्वारा सामुदायिक केंद्र, सेक्टर 52 नोएडा में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगाँठ बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष महेश चौहान ने किया। इस अवसर पर सामूहिक वंदे मातरम् का गायन हुआ तथा राष्ट्रभक्ति और भारतीय अस्मिता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
‘वंदे मातरम्’ जिसका अर्थ है “माँ, मैं तुम्हें प्रणाम करता हूँ”, पहली बार 7 नवंबर 1875 को साहित्यिक पत्रिका बंगदर्शन में प्रकाशित हुआ था। इसके रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने बाद में इसे अपने प्रसिद्ध उपन्यास आनंदमठ (1882) में शामिल किया, और रवींद्रनाथ टैगोर ने इसे संगीतबद्ध किया। यह गीत स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा का शाश्वत स्रोत माना जाता है।
मुख्य अतिथि अमित वाल्मीकि ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की महान संस्कृति और सभ्यता के ताने-बाने में वंदे मातरम् एक पवित्र सूत्र की तरह जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि यह गीत केवल आज़ादी की लड़ाई में प्रेरणा नहीं देता, बल्कि आज भी राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करता है।
भाजपा सरकार वंदे मातरम् के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
जिला अध्यक्ष महेश चौहान ने कहा कि आज का दिन सिर्फ एक गीत की वर्षगाँठ नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, अस्मिता और गौरव का दिन है।
उन्होंने कहा — “वंदे मातरम् वह मंत्र है जिसने स्वतंत्रता आंदोलन की अनगिनत पीढ़ियों को संघर्ष की ऊर्जा दी। यह गीत हमें याद दिलाता है कि भारत केवल भूगोल नहीं, बल्कि माँ है — और हम उसके सपूत हैं।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस गीत की मूल भावना को अपने जीवन का संकल्प बनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करें।
कार्यक्रम के अंत में पूरा सभागार वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विमला बाथम, विनोद त्यागी, चंदगीराम यादव, अमित त्यागी, महेश अवाना, भूपेश चौधरी, गिरिजा सिंह, धर्मेंद्र गुप्ता, अर्पित मिश्रा, अशोक सिंह, अमरीश त्यागी, गिरीश कोटनाला, ओमवीर अवाना, प्रदीप चौहान, नीरज चौधरी, राजेंद्र अवाना, सत्यनारायण महावर, राहुल शर्मा, मनीष तिवारी, दिपाली दीक्षित, निधि त्यागी, नमिता चौबे, कविता श्रीवास्तव, ललित प्रजापति, दिनेश चौहान, अनिल मास्टर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।