
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
जनपद गौतम बुद्ध नगर में मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने 29 और 30 नवंबर को सभी मतदान बूथों पर विशेष महाअभियान संचालित किया। दो दिनों के इस व्यापक कार्यक्रम में बूथ लेवल अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ संयुक्त बैठकों के माध्यम से उन मतदाताओं की पड़ताल की, जिनके नाम सूची में दर्ज होने के बावजूद उनके पते सत्यापन के दौरान नहीं मिल पा रहे थे।
अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म–6 तथा पते में बदलाव एवं अन्य त्रुटियों के संशोधन हेतु फॉर्म–8 एकत्र किए गए। जिन मतदाताओं का पता उपलब्ध नहीं हो सका, उनके नामों की पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं मुनादी के माध्यम से घोषणा कर जानकारी उपलब्ध कराई गई, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।
डीएम मेधा रूपम ने शनिवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय कुलेसरा तथा गजेंद्र विहार कम्युनिटी सेंटर पहुंचकर शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से अभियान की प्रगति जानी और निर्देश दिए कि बीएलए के सहयोग से ऐसे सभी मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, जिनका नाम सूची में है परंतु वे भौतिक रूप से नहीं मिले। जिलाधिकारी ने आमजन से संवाद कर अभियान के प्रति उनकी प्रतिक्रिया भी प्राप्त की और राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग बनाए रखने की अपील की। निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे 30 नवंबर को आयोजित होने वाले दूसरे विशेष महाअभियान में भी अधिक संख्या में पहुंचकर अपने नाम, पता एवं अन्य विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं, जिससे जिले की मतदाता सूची पूर्णतया अद्यतन हो सके।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 बीएलओ सम्मानित
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान शत–प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण करने वाले 21 बूथ लेवल अधिकारियों को डीएम ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित बीएलओ ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजरों, आरडब्ल्यूए–एओए, प्राधिकरण कार्मिकों तथा हाईराइज सोसायटी प्रबंधन के सहयोग से गणना प्रपत्र संकलन, मैपिंग, डिजिटाइजेशन और प्रमाणीकरण जैसे सभी कार्य समय से पहले पूरे किए जा सके।
जिलाधिकारी ने बीएलओ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह डिजिटाइजेशन कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया गया, उसी तर्ज पर शेष मैपिंग कार्य भी निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने सभी बीएलओ से आग्रह किया कि वे अपने अनुभव दूसरों के साथ साझा करें, ताकि संपूर्ण जिले में प्रक्रिया की गति और गुणवत्ता बढ़ सके।