
नोएडा संवाददाता : प्रमोद दीक्षित
नोएडा।
नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए सेक्टर-152 स्थित स्पोर्ट्स सिटी परियोजना (भूखण्ड संख्या एससी-01) के आवंटी M/s ATS Homes Pvt. Ltd. (Consortium) के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने पट्टा शर्तों के उल्लंघन, निर्माण कार्य की अपूर्णता, देयताओं के भुगतान में लापरवाही और हरित क्षेत्र से जुड़ी अनियमितताओं पर नोटिस जारी किए हैं।
यह परियोजना वर्ष 2015 में आवंटित की गई थी, जिसमें खेल सुविधाओं के साथ आवासीय और वाणिज्यिक निर्माण को 7 वर्ष में पूर्ण करना था। लेकिन प्राधिकरण के निरीक्षण में पाया गया कि निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा है और कई शर्तों का पालन नहीं हुआ है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेशों और पट्टा प्रलेख की शर्तों के अनुसार नियम तोड़ने वाले किसी भी आवंटी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी संबंधित पक्षों को नोटिस भेजे जा चुके हैं और आगे भी प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
नोएडा प्राधिकरण की इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि अब किसी भी परियोजना में नियमों की अनदेखी या निवेशकों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
