
नोएडा संवाददाता : प्रमोद दीक्षित
नोएडा।
समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर और जनपद गौतमबुद्ध नगर के नेताओं ने इंडिया टुडे पत्रिका के विवादित लेख को लेकर गुरुवार को फिल्म सिटी स्थित उसके कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पत्रिका में प्रकाशित सामग्री को समाजवादी पार्टी ने “श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव और वरिष्ठ नेताओं का अपमान” बताया है, जिसके बाद जिले भर के सपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष फैल गया।
महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता नोएडा फिल्म सिटी पहुंचे, जबकि जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी के नेतृत्व में जिले के कार्यकर्ता भी मौके पर जुटे। प्रदर्शनकारियों ने इंडिया टुडे पत्रिका की प्रतियां जलाने की कोशिश की, जिस पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकते हुए हल्का धक्का-मुक्की की स्थिति बनी।
पुलिस ने कार्यालय के पास आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा घेरा बनाते हुए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर दी।
भारी विरोध के बीच जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी और महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने पुलिस आयुक्त को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में इंडिया टुडे पत्रिका तथा संबंधित संपादक पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि “नेताजी मुलायम सिंह यादव देश के सम्मानित नेता रहे हैं। उनके विरुद्ध आपत्तिजनक लेख प्रकाशित करना सिर्फ सपा ही नहीं बल्कि पूरे समाजवादी विचार परिवार का अपमान है।”
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने इंडिया टुडे प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि इस मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और व्यापक स्तर पर किया जाएगा।
नोएडा पुलिस के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और ज्ञापन उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है।