नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

गाजियाबाद। आईटीएस कॉलेज के यूजी कैंपस स्थित मास कम्युनिकेशन क्लब द्वारा सेमिनार हॉल में “न्यूज़ फ्लैश – 60 सेकंड्स चैलेंज” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आलोक द्विवेदी, अध्यक्ष नोएडा मीडिया क्लब एवं एडिटर-इन-चीफ TV27 उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की न्यूज़रूम शैली में रिपोर्टिंग क्षमता को विकसित करना था। प्रतिभागियों को 60 सेकंड के भीतर किसी समाचार को स्पष्ट, प्रभावशाली और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करना था। इस दौरान त्वरित सोच, संवाद की संरचना, वॉइस मॉड्यूलेशन और कैमरे के सामने प्रस्तुति कौशल का मूल्यांकन किया गया।
आईटीएस समूह के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने अपने संदेश में कहा कि देश को निष्पक्ष, निर्भीक और ईमानदार पत्रकारों की आवश्यकता है। उन्होंने छात्रों को सत्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। यूजी कैंपस की प्रिंसिपल प्रोफेसर (डॉ.) नैंसी शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है, जो उनके करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होता है।
अपने संबोधन में आलोक द्विवेदी ने मीडिया की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर युग में संचार का विशेष महत्व रहा है और वर्तमान समय में जिम्मेदार पत्रकारिता की भूमिका और भी बढ़ गई है। उन्होंने छात्रों को तथ्यों की पुष्टि, निष्पक्षता और स्पष्ट प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
प्रतियोगिता में बीसीए के सीताराम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीबीए की उन्नति गुप्ता और अभय पुंडीर संयुक्त रूप से द्वितीय रहे, जबकि बीबीए की राशि और बीसीए की सयोनि को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में डीन डॉ. विदुषी सिंह, बीबीए विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आदिल खान, संयोजक प्रोफेसर मोनिका शर्मा, प्रोफेसर रमा रानी मिश्रा, डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने छात्रों में आत्मविश्वास और पेशेवर पत्रकारिता कौशल को नई दिशा प्रदान की।
