
छठ घाट की तैयारियां पूरी, आकर्षक सजावट से सजा परिसर; सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न होंगे महापर्व के प्रमुख अनुष्ठान
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा। सेक्टर-71 स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट में छठ महापर्व की छटा देखते ही बन रही है। सूर्य उपासना के इस पावन पर्व को लेकर अपार्टमेंट परिसर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। शिव शक्ति छठ पूजा समिति की ओर से आयोजित महापर्व के तहत खरना के अवसर पर छठ घाट पर भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भक्तिभाव के साथ भगवान श्रीराम का स्मरण किया।सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा परिसर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं की सहभागिता और सामूहिक धार्मिक आयोजन ने छठ महापर्व की खुशियों को और खास बना दिया।समिति के अध्यक्ष शैलेश श्रीवास्तव एवं महासचिव कैलाश साह ने बताया कि छठ पूजा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। छठ घाट के निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। घाट की आकर्षक रंगाई-पुताई के साथ विशेष सजावट की जा रही है, जिससे पूजा स्थल को भव्य स्वरूप दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।उन्होंने बताया कि शनिवार को संध्या अर्घ्य के बाद रविवार सुबह व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसी के साथ छठ महापर्व के प्रमुख अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न होंगे।समिति के संरक्षक गौरव कुमार यादव एवं संजय शुक्ला ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामूहिक आस्था का प्रतीक है। सूर्य देव और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला यह पर्व समाज को एकजुटता, अनुशासन और समर्पण का संदेश देता है। समिति का प्रयास है कि सभी निवासी मिलकर इस पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाएं।वहीं समिति के संरक्षक एवं संस्थापक सदस्य टी.एन. झा और बी.के. सिंह ने कहा कि शिव शक्ति अपार्टमेंट में छठ पूजा का आयोजन निवासियों के आपसी सहयोग और सामूहिक विश्वास का उदाहरण है। हर वर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की भागीदारी इस आयोजन को और व्यापक बना रही है। ऐसे धार्मिक कार्यक्रमों से आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।समिति पदाधिकारियों के अनुसार, रविवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही शिव शक्ति अपार्टमेंट में छठ महापर्व के आयोजन का समापन होगा।इनकी रही प्रमुख उपस्थितिआयोजन में शैलेश कुमार श्रीवास्तव, बी.के. सिंह, कैलाश साह, गौरव कुमार यादव, एस.के. तिवारी, राकेश ठाकुर, भवानी सिंह, टी.एन. झा, मिथिलेश कुमार मिश्रा, राजेश नायक, पवन चौधरी, दिनेश सिंह, रवि कुमार, आर.के. सिंह, ए.के. श्रीवास्तव, सचिन, अजीत ठाकुर, विपुल विकास, संजय शुक्ला, सत्येंद्र सिंह एवं प्रफुल्ल पांडे सहित अनेक श्रद्धालु और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
