नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

ग्रेटर नोएडा में नारी सशक्तिकरण और सामाजिक चेतना को समर्पित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम में कवि भगवत प्रसाद शर्मा के ओजस्वी काव्य ने पूरे सभागार को भावविभोर कर दिया। आईआईपीपीटी कॉलेज में आयोजित इस गरिमामय समारोह में नारी के सम्मान और उसकी शक्ति के विविध आयामों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। “आराध्या एक अहसास फाउंडेशन” के तत्वावधान में आयोजित “नारी एक शक्ति, नारी एक सम्मान–2026” कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नारी के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और उसे सशक्त बनाने की दिशा में जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में नारी को सृष्टि की आधारशिला, सृजन की शक्ति और भारतीय संस्कृति में मातृ-तत्त्व के रूप में स्थापित करने पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे सुप्रसिद्ध कवि भगवत प्रसाद शर्मा ने अपने काव्य-पाठ से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी रचनाओं में नारी के त्याग, करुणा, शक्ति और सृजनशीलता का जीवंत चित्रण देखने को मिला। “मातृशक्ति की सामर्थ्य को नमन…” से आरंभ होकर उनकी कविता ने नारी के विभिन्न स्वरूपों को उजागर किया और अंत में “सृष्टि की जननी तुमको अभिनन्दन बारम्बार मेरा” पंक्ति के साथ पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। अपने संबोधन में भगवत प्रसाद शर्मा ने कहा कि शिक्षा, आत्मनिर्भरता और जागरूकता ही नारी सशक्तिकरण की मजबूत नींव हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ वे हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर आईआईपीपीटी कॉलेज के चेयरमैन संजय सुदान और डायरेक्टर डॉ० जितेश खत्री ने भगवत प्रसाद शर्मा को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने उनके साहित्यिक योगदान और सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर सृष्टि चौधरी, पृथ्वी मै, मनीष गुप्ता और कुलदीप शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि एवं श्रोता उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने नारी सम्मान और सशक्तिकरण के संदेश को मजबूती से समाज के बीच पहुंचाने का कार्य किया।