नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। नोएडा विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित किसानों की आबादी और आवासीय भूखंडों से जुड़ी समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्राधिकरण प्रशासन के समक्ष मांग रखी है। सपा के नोएडा विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर बबलू चौहान ने नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा क्रुणेश से उनके कार्यालय में मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किसानों की आबादी को “जहां है, जैसी है” के आधार पर छोड़े जाने, पांच प्रतिशत भूखंडों पर व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति देने तथा शेष किसानों को पांच और दस प्रतिशत के आवासीय प्लॉट शीघ्र आवंटित करने की मांग की गई। साथ ही वर्ष 1997 से लंबित 64.7 प्रतिशत मुआवजे के भुगतान और वर्ष 1976 से 1997 तक किसान कोटे के आवासीय प्लॉटों का आवंटन जल्द करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
ठाकुर बबलू चौहान ने ग्रामीण क्षेत्रों में सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से सड़कों पर फैल रही गंदगी, सदरपुर कॉलोनी में पिछले दस वर्षों से जलापूर्ति बाधित रहने तथा शहर की सड़कों पर गड्ढों की समस्या से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इन मूलभूत समस्याओं के समाधान में हो रही देरी से क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी दोनों ही वर्ग प्रभावित हो रहे हैं।
मुलाकात के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी बिंदुओं पर विचार करते हुए समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। सपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्राधिकरण स्तर पर लंबित मुद्दों पर ठोस निर्णय लेकर किसानों और स्थानीय निवासियों को राहत दी जाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव चौधरी जयकरण सिंह, महानगर उपाध्यक्ष संजय त्यागी, महानगर उपाध्यक्ष मनोज गोयल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।