नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के बरौला निवासी शशांक चौहान के साथ थाने में कथित रूप से की गई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर ने कड़ा विरोध जताते हुए पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। पार्टी नेताओं ने परिवार का हाल-चाल जाना और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सपा नेताओं का कहना है कि थाने में की गई कथित पिटाई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी बेहद गंभीर विषय है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
इसके बाद समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर के अध्यक्ष डॉ आश्रय गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल डीसीपी नोएडा से मिला और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी के समक्ष पीड़ित के साथ हुई कथित ज्यादती का विस्तृत विवरण रखा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नोएडा द्वारा तत्काल दो जांच टीमें गठित की गईं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जांच प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि पीड़ित को समय पर न्याय मिल सके।
इस अवसर पर डॉ आश्रय गुप्ता ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में कानून की रक्षा करने वाले ही जनता के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है और हर स्तर पर अव्यवस्था का माहौल दिखाई दे रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में बबलू चौहान, राकेश यादव, प्रताप चौहान, रामवीर यादव, अनुराग यादव, संजय यादव और मनोहर सैफी सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। समाजवादी पार्टी ने साफ किया है कि वह इस मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने तक अपनी आवाज बुलंद रखेगी।