
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। दिव्यांगजनों के पुनर्वास और मानव कल्याण के क्षेत्र में निरंतर समर्पित सेवाओं के लिए नोएडा सेक्टर-73 निवासी वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट एवं समाजसेवी डॉ. महिपाल सिंह को वर्ष 2026 के राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान गणतंत्र दिवस के अवसर पर जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के समारोह में प्रदान किया जाएगा।
डॉ. महिपाल सिंह बीते डेढ़ दशक से अधिक समय से लोकोमोटर दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों और वयस्कों के पुनर्वास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके कार्यों की विशेषता केवल चिकित्सकीय उपचार तक सीमित न रहकर दिव्यांग व्यक्तियों को आत्मनिर्भर बनाना, उनके आत्मविश्वास को सशक्त करना और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रही है।
पुनर्वास प्रक्रिया के दौरान उन्होंने शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक सशक्तिकरण और सामाजिक सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया। उनके मार्गदर्शन में कई ऐसे दिव्यांग बच्चे और युवा, जो पहले दैनिक जीवन के लिए दूसरों पर निर्भर थे, आज स्वावलंबी जीवन जी रहे हैं।
फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें पूर्व में भी विभिन्न राज्य स्तरीय संगठनों द्वारा उत्कृष्ट क्लिनिकल सेवाओं और पेशेवर दक्षता के लिए सम्मानित किया जा चुका है। इसके साथ ही वे नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों, परामर्श सत्रों और जागरूकता अभियानों के माध्यम से दिव्यांगता को लेकर समाज की सोच बदलने का प्रयास करते रहे हैं।
चयन समिति के अनुसार, डॉ. महिपाल सिंह का कार्य सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनका मानना है कि सही मार्गदर्शन, समय पर उपचार और सकारात्मक वातावरण से हर दिव्यांग व्यक्ति आत्मनिर्भर बन सकता है।
राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026 के लिए उनका चयन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि दिव्यांग पुनर्वास के क्षेत्र में कार्यरत समर्पित पेशेवरों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।