
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा में आयोजित एक विशेष सत्र में बीके शिवानी ने रिश्तों में बढ़ते तनाव और उनके समाधान पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज अधिकांश रिश्ते इसलिए प्रभावित हो रहे हैं क्योंकि व्यक्ति अपने भीतर की भावनात्मक स्थिति पर ध्यान नहीं दे पा रहा है।
उन्होंने कहा कि मन में जमा नकारात्मकता व्यवहार को कठोर बना देती है, जिसका असर सीधे पारिवारिक और सामाजिक संबंधों पर पड़ता है। ऐसे में आवश्यक है कि व्यक्ति रोज़ अपने मन की स्थिति को देखे और अनावश्यक नकारात्मक प्रभावों से दूरी बनाए।
बीके शिवानी ने बताया कि आने वाले समय में तकनीक के बढ़ते उपयोग से मानसिक दबाव और बढ़ेगा, इसलिए आत्म-अनुशासन, ध्यान और भावनात्मक स्वतंत्रता को अपनाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति भीतर से मजबूत होता है, तभी वह रिश्तों में स्थिरता और शांति ला सकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे, जिन्होंने सत्र को प्रेरणादायक और व्यवहारिक बताया।