
नोएडा, सेक्टर-110। भारत उत्कर्ष महायज्ञ के सातवें दिन रामलीला मैदान स्थित यज्ञ परिसर में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और राज्याभिषेक का दिव्य मंचन हुआ, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक के जीवंत प्रस्तुतीकरण के दौरान लगातार गूंजती जयकारों ने पूरे पंडाल को मंत्रमुग्ध कर दिया।
देश–विदेश से आए श्रद्धालुओं ने 108-कुण्डीय महायज्ञ में आहुति अर्पित की और राष्ट्रकल्याण व विश्वशांति की प्रार्थना की। राघवाचार्य द्वारा सुनाए गए वनवास समाप्ति और अयोध्या आगमन के प्रसंग ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।
श्रीराम के राज्याभिषेक के वर्णन के समय श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित किए, पुष्पांजलि अर्पित की और विशेष आरती में भाग लिया। यह दृश्य यज्ञ परिसर की आध्यात्मिक गरिमा और सांस्कृतिक सौंदर्य को और अधिक विस्तार देने वाला रहा।
संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि आज का आयोजन रामराज्य के आदर्शों—धर्म, न्याय, करुणा और समरसता—को समाज तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन बढ़ रही श्रद्धालु संख्या यह दर्शाती है कि भारतीय संस्कृति आज भी समाज की धरोहर के रूप में जीवित है।
महायज्ञ स्थल पर भक्ति संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सत्संग और वैदिक अनुष्ठानों के चलते पूरा दिन उत्साह, उमंग और आध्यात्मिक आनंद से भरा रहा