
नोएडा संवाददाता : प्रमोद दीक्षित
नोएडा। देश में बढ़ते साइबर क्राइम के मामलों को ध्यान में रखते हुए महिला उन्नति संस्था ने पुलिस की साइबर टीम के सहयोग से मॉडल स्कूल, सेक्टर-45 (सदरपुर) में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फेक ऐप्स व अन्य साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के व्यावहारिक उपाय बताना था।
इस अवसर पर सब-इंस्पेक्टर धीरज सारस्वत ने छात्रों को सोशल मीडिया, अनजान लिंक, संदिग्ध वेडिंग कार्ड और फर्जी डिजिटल नोटिफिकेशन से सतर्क रहने के आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने चित्रात्मक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि किस प्रकार की गतिविधियाँ धोखाधड़ी का हिस्सा हो सकती हैं और ऐसी स्थिति में क्या कदम उठाने चाहिए। उन्होंने बच्चों से अनुरोध किया कि किसी भी संदेहास्पद लिंक या ऐप को न खोलें और तुरंत अपने अध्यापकों या अभिभावकों को सूचित करें।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रेनू बाला शर्मा ने महिला सुरक्षा से जुड़ी जागरूकता पर बल देते हुए कहा कि स्कूल के छात्र–छात्राओं को एक-दूसरे का सम्मान और सहयोग दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। यदि कोई छात्रा ब्लैकमेल या धमकी का सामना करे तो उसे छिपाना नहीं चाहिए — पहले अपने शिक्षकों और परिवार को बताएं और गंभीर स्थिति में 112 या 1098 पर संपर्क करें।
इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने भी छात्रों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित कर उनकी समझ का परीक्षण किया, जिसमें छात्रों के उत्तर सार्थक पाए गए।
महिला उन्नति संस्था ने कार्यक्रम के सफल समापन में मॉडल स्कूल के प्रबंधक निदेशक हरविंदर चौहान, तथा सहयोगियों मणि सिंह और मनोज का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में संस्था की सदस्य रंजू मिश्रा, राखी शर्मा और सरिता सिंह भी मौजूद रहीं।