
नोएडा से संवाददाता प्रमोद दीक्षित की रिपोर्ट
लखनऊ/नोएडा।
पश्चिम उत्तर प्रदेश की सियासत में नया समीकरण बन गया है। किसान आंदोलन के दमदार चेहरे और ठाकुर बिरादरी के कद्दावर नेता सुधीर चौहान को समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय प्रवक्ता की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
इस घोषणा के बाद पूरे पश्चिमी यूपी में युवाओं और किसानों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
पिछले महीने जब सुधीर चौहान ने लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ली थी, तभी से राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज थीं कि पार्टी जल्द ही उन्हें बड़ा पद देगी — और आखिरकार वही हुआ।
सुधीर चौहान पिछले आठ वर्षों से किसानों की आवाज़ मजबूती से उठाते रहे हैं। किसानों के हक की लड़ाई लड़ते हुए उन्होंने कई बार जेल भी झेली, लेकिन अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।
उनका कहना है कि “पश्चिम उत्तर प्रदेश की आवाज़ लखनऊ तक तो पहुँचती है, पर सचिवालय की चौखट पर दम तोड़ देती है। अब वक्त है कि किसान की बात दिल्ली तक पहुँचे।”
सुधीर चौहान ने बताया कि वे राजपूत समाज की राजनीतिक लीडरशिप की सेकंड लाइन तैयार करेंगे और 36 बिरादरी के ऊर्जावान युवाओं को जोड़कर समाजवादी विचारधारा को नई ऊंचाई देंगे।
उनकी नियुक्ति से समाजवादी पार्टी को न केवल किसान वर्ग बल्कि शिक्षित युवाओं के बीच भी नई ताकत मिलने की उम्मीद है। भूमि अधिग्रहण, अर्थशास्त्र और तकनीकी की गहरी समझ रखने वाले सुधीर चौहान अब राष्ट्रीय मंच पर बैठकर सत्ताधारी दल के दावों की सच्चाई को उजागर करेंगे।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सुधीर चौहान समाजवादी पार्टी के लिए “विचार और संघर्ष की नई ताकत” साबित होंगे।