
नोएडा संवाददाता — प्रमोद दीक्षित
नोएडा प्राधिकरण ने डीएससी मार्ग पर आगाहपुर पेट्रोल पंप से एनएसईजेड तक तैयार 6 लेन एलिवेटेड रोड को ट्रायल उपयोग के लिए खोल दिया है। यह परियोजना नोएडा के अत्यधिक व्यस्त और जामग्रस्त मार्ग पर यातायात दबाव कम करने के उद्देश्य से विकसित की गई है।
4.50 किलोमीटर लंबी और 608.08 करोड़ की लागत से तैयार यह एलिवेटेड रोड निर्माण पूर्ण होने के बाद जनता के लिए ट्रायल पर खोली गई है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम के निर्देशन में हाल के महीनों में परियोजना को तेजी मिली और नियमित निरीक्षणों के चलते कार्य समय पर पूरा किया गया।
डीएससी मार्ग नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी, सूरजपुर तथा आसपास के घनी आबादी वाले क्षेत्रों—सदरपुर, छलेरा, आगाहपुर, बरौला, सलारपुर और मंगोल—को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। औद्योगिक सेक्टरों तथा आवासीय सेक्टरों 43, 40, 41, 48, 49, 47, 101, 107, 106, 110, 82, 88 और फेस-2 का भारी यातायात इस मार्ग पर जाम की स्थायी समस्या पैदा करता रहा है।
वर्ष 2020 में प्रारंभ इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात सुगमता बढ़ने की उम्मीद है। प्राधिकरण द्वारा तय ट्रायल अवधि के बाद इस रोड को पूर्ण रूप से जनता के उपयोग हेतु समर्पित किया जाएगा।